सौरिख (कन्नौज)। express way accident: शनिवार को एक्सप्रेसवे पर एक बड़ा हादसा उस समय हो गया, जब सुल्तानपुर से दिल्ली जा रही स्कॉर्पियो कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई।
टक्कर के तुरंत बाद कार में अचानक आग लग गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते कार से कूदकर अपनी जान बचा ली।
जानकारी के अनुसार, सुल्तानपुर जिले के कूड़ेभार निवासी राकेश यादव की स्कॉर्पियो कार को उनके ही गांव के राम मूरत यादव चला रहे थे। थाना सौरिख क्षेत्र के अंतर्गत किलोमीटर संख्या 160 पर ग्राम वीरभान नगला के सामने चालक को झपकी आ गई।
जिससे वाहन संतुलन खो बैठा और डिवाइडर से जा टकराया। टक्कर इतनी तेज थी कि देखते ही देखते कार आग की चपेट में आ गई।
घटना की सूचना मिलते ही थाना सौरिख और तालग्राम पुलिस, एक्सप्रेसवे सुरक्षा अधिकारी तथा फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई। तालग्राम फायर स्टेशन की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी।
कार में आग लगते देख राहगीरों ने अपने वाहन रोक दिए, जिससे एक्सप्रेसवे पर करीब आधे घंटे तक यातायात बाधित रहा। बाद में एक्सप्रेसवे कर्मियों ने क्रेन की मदद से जली हुई कार को हटवाया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका।









