लखनऊ । Smart Meter उत्तर प्रदेश सरकार ने बिजली उपभोक्ताओं की लंबे समय से चली आ रही परेशानियों को ध्यान में रखते हुए स्मार्ट मीटर प्रणाली में अहम बदलाव किया है।
ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने जानकारी दी कि अब स्मार्ट मीटर पूरी तरह पोस्टपेड मोड में काम करेंगे और प्रीपेड व्यवस्था को समाप्त कर दिया गया है।
सरकार के इस फैसले के बाद उपभोक्ताओं को हर महीने की बिजली खपत का बिल अगले महीने की शुरुआत में एसएमएस या व्हाट्सऐप के जरिए भेजा जाएगा, जिसे तय समय सीमा के भीतर जमा करना होगा।
खास बात यह है कि अब महीने के बीच में बिजली आपूर्ति बाधित नहीं की जाएगी, जिससे उपभोक्ताओं को बड़ी राहत मिलेगी।
इसके अलावा, जिन उपभोक्ताओं पर पुराना बकाया है, उन्हें 10 आसान किस्तों में भुगतान करने की सुविधा दी गई है।
हाल ही में लगाए जा रहे स्मार्ट प्रीपेड मीटरों की प्रक्रिया को भी फिलहाल रोक दिया गया है।
गौरतलब है कि प्रदेश के कई जिलों, खासकर बाराबंकी के जैदपुर क्षेत्र में प्रीपेड मीटर के खिलाफ विरोध तेज था।

सरकार ने अब सभी शिकायतों के जल्द निस्तारण के निर्देश भी जारी किए हैं, जिससे लाखों उपभोक्ताओं को राहत मिलने की उम्मीद है।









