द स्वार्ड ऑफ इण्डिया
संवाददाता इरफान अहमद
बाराबंकी । BARABANKI NEWS” बाबा रामसनेहीदास मंदिर में दर्शन करने आया एक परिवार मंगलवार को कभी न भूलने वाला दर्द लेकर लौट गया।
मंदिर के पास बह रही कल्याणी नदी में नहाने उतरा 14 वर्षीय किशोर देखते ही देखते गहरे पानी में समा गया।
परिवार और आसपास मौजूद लोग उसे बचाने के लिए चीखते-चिल्लाते रह गए, लेकिन नदी ने मासूम को निगल लिया। करीब तीन घंटे तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद गोताखोरों ने किशोर का शव बाहर निकाला।
बेटे की मौत की खबर मिलते ही मां बदहवास होकर बिलख पड़ी। मृतक की पहचान लखनऊ निवासी विजय कुमार के बेटे वरिष्ट (14) के रूप में हुई है।

बताया गया कि परिवार अयोध्या के रौजागांव स्थित रिश्तेदारी में आया था। मंगलवार को सभी लोग बाबा रामसनेहीदास मंदिर में दर्शन-पूजन करने रामसनेहीघाट पहुंचे थे।
पूजा-अर्चना के दौरान वरिष्ट अपने साथियों आदित (17) और रवी कुमार (16) के साथ मंदिर के पास बह रही कल्याणी नदी में नहाने चला गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बच्चे नदी में मस्ती कर रहे थे, तभी अचानक वरिष्ट गहरे पानी में चला गया। वह मदद के लिए हाथ-पांव मारता रहा, लेकिन कुछ ही पलों में नदी की तेज धारा में गायब हो गया।
साथ मौजूद बच्चों ने शोर मचाया तो घाट पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोग दौड़कर नदी किनारे पहुंचे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
सूचना मिलते ही रामसनेहीघाट कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई। कोतवाल दयाशंकर दुबे के निर्देश पर करीब 20 स्थानीय गोताखोरों को नदी में उतारा गया।
एसडीएम के निर्देश पर नायब तहसीलदार उमेश द्विवेदी भी मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव अभियान शुरू कराया। एनडीआरएफ टीम को भी अलर्ट किया गया।
करीब तीन घंटे तक नदी में लगातार तलाश के बाद गोताखोरों ने वरिष्ट का शव बाहर निकाला। उसे तुरंत सीएचसी रामसनेहीघाट ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
यह खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया। मां बेसुध हो गई, जबकि पिता और अन्य परिजन फूट-फूटकर रोने लगे।पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

नायब तहसीलदार उमेश द्विवेदी ने बताया कि परिवार मंदिर दर्शन के लिए आया था, तभी यह दर्दनाक हादसा हो गया। वहीं कोतवाल दयाशंकर दुबे ने कहा कि शव बरामद कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।









