नई दिल्ली : Prime Minister Modi G7 शिखर सम्मेलन के दौरान कई वैश्विक नेताओं के साथ द्विपक्षीय वार्ताएं कर सकते हैं।
इस दौरान उनकी मेजबान देश के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों सहित अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से भी मुलाकात होने की संभावना जताई जा रही है।
फरवरी 2025 में प्रधानमंत्री मोदी की अमेरिका यात्रा के बाद दोनों नेताओं के बीच अब तक कोई औपचारिक बैठक नहीं हुई है।
पिछले वर्ष भारत-अमेरिका संबंधों में कुछ मुद्दों को लेकर तनाव देखने को मिला था। व्यापारिक मतभेद, भारत द्वारा रूसी तेल की खरीद जारी रखना और भारत-पाकिस्तान संबंधों को लेकर राष्ट्रपति ट्रंप के बयानों ने दोनों देशों के बीच दूरी बढ़ाई थी।
हालांकि हाल के महीनों में रिश्तों में सुधार के संकेत दिखाई दे रहे हैं। अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो की हालिया भारत यात्रा को इसी दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
यात्रा के दौरान उन्होंने राष्ट्रपति ट्रंप की ओर से प्रधानमंत्री मोदी को अमेरिका आने का निमंत्रण भी दिया था। हालांकि भारत सरकार ने अभी तक इस निमंत्रण को स्वीकार करने की औपचारिक पुष्टि नहीं की है।

इस बीच भारत और अमेरिका के बीच लंबे समय से लंबित द्विपक्षीय व्यापार समझौते को अंतिम रूप देने के लिए वार्ताओं का नया दौर भी जारी है, जिससे दोनों देशों के आर्थिक संबंध और मजबूत होने की उम्मीद है।









