कन्नौज । Uttar Pradesh पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा-2025 के दूसरे दिन जिले के 12 परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और सतर्क निगरानी के बीच परीक्षा शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई।
जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री और पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने कई परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
अधिकारियों ने किसान इंटर कॉलेज तिर्वा, डीएन इंटर कॉलेज तिर्वा, राजकीय इंटर कॉलेज उमर्दा और सरदार पटेल इंटर कॉलेज समेत विभिन्न केंद्रों पर पहुंचकर बायोमैट्रिक सत्यापन, सीसीटीवी निगरानी, कंट्रोल रूम संचालन और प्रवेश प्रक्रिया की जांच की।
जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा की निष्पक्षता, पारदर्शिता और विश्वसनीयता प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
उन्होंने सभी केंद्रों पर सतर्क निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए। प्रथम पाली में 3696 में से 2918 अभ्यर्थी उपस्थित रहे, जबकि द्वितीय पाली में 2920 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी।

दोनों पालियों को मिलाकर कुल 1554 अभ्यर्थी अनुपस्थित पाए गए। पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए ड्यूटी पर तैनात कर्मियों को पूरी मुस्तैदी और अनुशासन के साथ जिम्मेदारी निभाने के निर्देश दिए। प्रशासन ने परीक्षा को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण बनाए रखने के लिए व्यापक इंतजाम किए थे।









