वाराणसी । Prime Minister Narendra Modi सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर वाराणसी में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने काशी और उत्तर प्रदेश में हुए विकास कार्यों को ऐतिहासिक बताया।
चौकाघाट स्थित गिरिजा देवी सांस्कृतिक संकुल में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र वितरित किए और सरकार की उपलब्धियों को जनता के सामने रखा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि एक समय काशी को केवल संकरी गलियों और अव्यवस्थाओं के लिए जाना जाता था, लेकिन पिछले वर्षों में शहर की पहचान पूरी तरह बदल गई है।
आज काशी न केवल देश बल्कि दुनिया भर के लोगों के आकर्षण का केंद्र बन चुकी है। उन्होंने कहा कि पहले उत्तर प्रदेश का नाम सुनकर लोग दूरी बनाते थे, जबकि अब प्रदेश की सकारात्मक छवि और विकास कार्यों के कारण सम्मान बढ़ा है।
योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि वैश्विक आर्थिक और ऊर्जा संकट के बावजूद भारत मजबूती से आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि दुनिया के कई विकसित देश महंगाई और आर्थिक चुनौतियों से जूझ रहे हैं, लेकिन भारत ने अपने नागरिकों के हितों की रक्षा करते हुए विकास की गति बनाए रखी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2014 में नरेंद्र मोदी को काशी से सांसद चुनना शहर और देश के लिए एक ऐतिहासिक निर्णय साबित हुआ।

उनके नेतृत्व में काशी को नई पहचान मिली है और भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा भी मजबूत हुई है। उन्होंने कहा कि काशीवासियों को इस बात पर गर्व होना चाहिए कि देश का नेतृत्व उनके सांसद के हाथों में है।









