बाराबंकी । BARABANKI NEWS” जिले में फैमिली आईडी, आयुष्मान कार्ड और जीरो पॉवर्टी अभियान की प्रगति को गति देने के उद्देश्य से मंगलवार को कलेक्ट्रेट के लोकसभागार में जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की प्रगति का मूल्यांकन करते हुए अधिकारियों को तय समय-सीमा के भीतर सभी लंबित कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि ग्राम पंचायतों और नगर निकायों में लाभार्थियों का सत्यापन तेजी से पूरा कराया जाए तथा जिन पात्र परिवारों की फैमिली आईडी अभी तक नहीं बनी है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर जोड़ा जाए।
उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ अभियान चलाकर कार्य करने के निर्देश देते हुए स्पष्ट किया कि इस माह के अंत तक शत-प्रतिशत फैमिली आईडी तैयार होनी चाहिए।
नगर निकाय क्षेत्रों में अपेक्षाकृत धीमी प्रगति पर असंतोष व्यक्त करते हुए डीएम ने संबंधित अधिकारियों को चेतावनी दी कि लापरवाही किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी।
उन्होंने पंचायतवार और विभागवार समीक्षा के दौरान कम प्रगति वाले क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए।
बैठक में आयुष्मान भारत योजना के तहत पात्र लाभार्थियों के अधिक से अधिक कार्ड बनाने पर भी जोर दिया गया, ताकि जरूरतमंद परिवारों को समय पर निःशुल्क इलाज का लाभ मिल सके।
साथ ही जीरो पॉवर्टी अभियान के अंतर्गत चिन्हित परिवारों को विभिन्न सरकारी योजनाओं से जोड़ने के लिए सभी विभागों को समन्वित रूप से कार्य करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, जिला विकास अधिकारी, परियोजना निदेशक डीआरडीए सहित सभी संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।









