नई दिल्ली । Sonam Wangchuk Hunger Strike’ सामाजिक कार्यकर्ता और पर्यावरणविद् सोनम वांगचुक का अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल गुरुवार को 19वें दिन में प्रवेश कर गया।
लगातार बिगड़ती सेहत और देशभर से मिल रही अपीलों के बावजूद उन्होंने फिलहाल अपना अनशन समाप्त करने से इनकार कर दिया है।
उन्होंने एक वीडियो संदेश जारी कर कहा कि उन्हें हजारों लोगों के संदेश मिले हैं, जिनमें कई वरिष्ठ नेता, सामाजिक कार्यकर्ता और अन्य प्रमुख हस्तियों ने स्वास्थ्य का हवाला देते हुए उपवास खत्म करने की सलाह दी है।
वांगचुक ने कहा कि कुछ लोगों ने अदालत का भी दरवाजा खटखटाया है, लेकिन मेडिकल जांच के अनुसार उनकी स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है।
उन्होंने बताया कि अब तक हुई जांचों में ईसीजी सहित अन्य रिपोर्ट सामान्य मिली हैं और चिकित्सकों की निगरानी में वह अपना आंदोलन जारी रख सकते हैं।
चिकित्सकीय बुलेटिन के अनुसार वांगचुक का वजन घटकर 57.15 किलोग्राम रह गया है, जो अनशन शुरू होने के बाद लगभग 8.9 किलोग्राम कम हो चुका है।
उनका रक्तचाप 105/76, ब्लड शुगर 80 mg/dL और ऑक्सीजन स्तर 97 प्रतिशत दर्ज किया गया। डॉक्टरों ने उन्हें बेहद कमजोर बताया है और 24 घंटे निगरानी में रखा गया है।
इधर, सीजेपी ने भी अपने आंदोलन को तेज करने की घोषणा की है। संगठन ने एक दिवसीय सामूहिक उपवास के साथ 20 जुलाई को प्रस्तावित “चलो संसद” मार्च की तैयारी शुरू कर दी है। इस घटनाक्रम पर देशभर की नजर बनी हुई है।








