नई दिल्ली : Rahul Gandhi दिसंबर में वाराणसी में बुनकर सम्मेलन को करेंगे संबोधित . देश के बुनकरों और पारंपरिक दस्तकारों की समस्याओं को राष्ट्रीय स्तर पर प्रमुखता से उठाने के लिए भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के बुनकर दस्तकार प्रकोष्ठ (ओबीसी विभाग) की ओर से दिसंबर में वाराणसी में भव्य सम्मेलन आयोजित किया जाएगा।
इस कार्यक्रम में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वहीं, कांग्रेस ओबीसी विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अनिल जय हिंद की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी।
सम्मेलन में देश के विभिन्न हिस्सों से बुनकरों, हस्तशिल्प कारीगरों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और कांग्रेस पदाधिकारियों को आमंत्रित करने की तैयारी है।
आयोजन के दौरान बुनकर समुदाय की आर्थिक स्थिति, रोजगार की कमी, कच्चे माल की बढ़ती कीमतों, जीएसटी के प्रभाव और बाजार से जुड़ी परेशानियों पर चर्चा की जाएगी।
आयोजन के संयोजक एवं कांग्रेस बुनकर दस्तकार प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय चेयरमैन हसन आरिफ अंसारी ने कहा कि बुनकर समाज भारतीय संस्कृति और पारंपरिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है।

इसके बावजूद समुदाय को अनेक आर्थिक और सामाजिक चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि सम्मेलन के माध्यम से बुनकरों की समस्याओं को कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व तक पहुंचाकर उनके अधिकार, सम्मान, राजनीतिक भागीदारी और आर्थिक सशक्तीकरण के लिए ठोस पहल की दिशा में प्रयास किया जाएगा।
आयोजकों के अनुसार, यह सम्मेलन बुनकरों की आवाज को राष्ट्रीय मंच प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम होगा।









