WhatsApp यूज़रनेम फीचर पर भारत सरकार सतर्क, मेटा से मांगा तीन दिन में जवाब

इलेक्ट्रानिक्स । WhatsApp अपने वैश्विक यूज़र्स के लिए एक नया यूज़रनेम फीचर लाने की तैयारी कर रहा है, जिसका उद्देश्य लोगों को बिना मोबाइल नंबर साझा किए एक-दूसरे से जुड़ने की सुविधा देना है।

इस फीचर के तहत प्रत्येक यूज़र अपने लिए एक यूनिक यूज़रनेम चुन सकेगा, जिससे नए संपर्कों और ग्रुप चैट में मोबाइल नंबर छिपाकर अतिरिक्त गोपनीयता बनाए रखी जा सकेगी।

मेटा के अनुसार, यह बदलाव यूज़र्स को उनकी निजी जानकारी पर अधिक नियंत्रण देने के लिए किया जा रहा है। कंपनी का कहना है कि यूज़रनेम के माध्यम से लोग सुरक्षित तरीके से बातचीत शुरू कर सकेंगे और अनजान व्यक्तियों के साथ नंबर साझा करने की आवश्यकता कम होगी।

हालांकि, भारत सरकार ने इस प्रस्तावित फीचर को लेकर गंभीरता दिखाई है। सूत्रों के मुताबिक, सूचना एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने मेटा को नोटिस जारी कर तीन दिनों के भीतर इस फीचर की पूरी जानकारी उपलब्ध कराने को कहा है।

साथ ही मंत्रालय ने परामर्श प्रक्रिया पूरी होने तक भारत में इस फीचर को लागू नहीं करने का निर्देश दिया है। सरकारी स्तर पर आशंका जताई जा रही है

कि यूज़रनेम आधारित पहचान का दुरुपयोग कर साइबर अपराधी फ़िशिंग, ऑनलाइन ठगी, फर्जी पहचान और तथाकथित डिजिटल अरेस्ट जैसे धोखाधड़ी के मामलों को बढ़ावा दे सकते हैं।

इसी कारण सरकार इस फीचर के सुरक्षा और कानूनी पहलुओं की विस्तृत समीक्षा कर रही है। फिलहाल, भारत में इस सुविधा के लागू होने पर अंतिम निर्णय सरकारी परामर्श के बाद ही लिया जाएगा।

plugins
Author: plugins

Leave a Comment