मुंबई : Rajasthan Bengal में सामने आई दुष्कर्म की घटनाओं को लेकर रजा अकादमी ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। संगठन प्रमुख हाजी मोहम्मद सईद नूरी ने इन घटनाओं की निंदा करते हुए सरकार से अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
रजा अकादमी में आयोजित उलेमा की बैठक में सईद नूरी ने कहा कि महिलाओं और बच्चों के खिलाफ होने वाले अपराध समाज के लिए गंभीर चिंता का विषय हैं।
उन्होंने सरकार से अपील की कि ऐसे मामलों में त्वरित न्याय सुनिश्चित किया जाए और दोषियों को कठोर दंड मिले, जिससे अपराधों पर प्रभावी रोक लग सके।
बैठक में मौजूद उलेमा ने कहा कि समाज में सुरक्षा और विश्वास का वातावरण बनाए रखने के लिए कानून व्यवस्था को और मजबूत करने की आवश्यकता है।
वक्ताओं ने यह भी कहा कि अपराध करने वाले व्यक्ति के प्रभाव या पहचान से ऊपर उठकर केवल उसके अपराध के आधार पर कार्रवाई होनी चाहिए।

मौलाना एजाज अहमद कश्मीरी ने कहा कि न्याय व्यवस्था में निष्पक्षता जरूरी है, ताकि किसी भी अपराधी को संरक्षण न मिल सके। बैठक में सामाजिक मूल्यों, नैतिक जिम्मेदारियों और सुरक्षित समाज निर्माण पर भी चर्चा हुई।
इस अवसर पर मोहम्मद आरिफ रिजवी, मौलाना अमानुल्लाह रजा, मौलाना खलीलुर्रहमान नूरी, मौलाना मोहम्मद आरिफ, मौलाना कमर रजा अशरफी सहित कई उलेमा और गणमान्य लोग मौजूद रहे।









