UP T20 ट्रॉफी टूर में समीर और आर्यन ने दिए सफलता मंत्र

UP T20 League

लखनऊ : UP T20 लीग के चौथे सीजन को लेकर छह दिवसीय ट्रॉफी टूर की शुरुआत शुक्रवार को सीतापुर रोड स्थित एसआर ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस से हुई। अभियान का उद्घाटन लीग की गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर ने किया।

इस मौके पर आईपीएल खिलाड़ी समीर रिजवी और उत्तर प्रदेश रणजी टीम के कप्तान आर्यन जुयाल ने छात्रों के साथ संवाद किया। कार्यक्रम के दौरान समीर रिजवी ने अपने शुरुआती क्रिकेट दिनों से जुड़े अनुभव साझा किए।

उन्होंने बताया कि बचपन में उनका पहला बैट घर में इस्तेमाल होने वाली थापी थी। उन्होंने टीम खेल में रणनीति और आपसी तालमेल को अहम बताते हुए दबाव के दौरान धैर्य बनाए रखने की सलाह दी।

समीर ने चेन्नई सुपर किंग्स में महेंद्र सिंह धोनी से मिली सीख का भी उल्लेख किया। गोरखपुर लायंस के कप्तान आर्यन जुयाल ने अपने क्रिकेट सफर पर चर्चा करते हुए कहा कि किशोरावस्था में विकेटकीपिंग शुरू करने से उनके खेल को नई दिशा मिली।

UP T20 League

उन्होंने छात्रों से स्पष्ट लक्ष्य बनाकर नियमित मेहनत करने की अपील की। लीग चेयरमैन डॉ. संजय कपूर ने यूपी टी-20 को देश की प्रमुख घरेलू क्रिकेट प्रतियोगिताओं में शामिल बताते हुए इसे और ऊंचाई तक पहुंचाने की प्रतिबद्धता जताई।

छात्रों ने खिलाड़ियों से क्रिकेट, करियर और व्यक्तिगत अनुभवों पर सवाल किए। कार्यक्रम के अंत में ट्रॉफी के साथ फोटो और सेल्फी को लेकर भी खासा उत्साह नजर आया।

 

plugins
Author: plugins

Leave a Comment