लखनऊ : 36 Young Indians नवोन्मेषकों ने सैमसंग मंच पर दिखाई प्रतिभा . देश के अलग-अलग हिस्सों से सामने आए 36 युवा भारतीय नवोन्मेषकों ने सैमसंग सॉल्व फॉर टुमॉरो 2026 के जरिए अपने विचारों को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाया।
कार्यक्रम के पांचवें संस्करण में युवाओं ने स्थानीय समस्याओं को तकनीक आधारित समाधान में बदलने की दिशा में काम किया। इस पहल में 12 राज्यों के 18 शहरों से प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।
खास बात यह रही कि चयनित प्रतिभागियों में बड़ी संख्या छोटे और उभरते शहरों से आई, जिससे देश में युवा नवाचार के बढ़ते दायरे की तस्वीर सामने आई।
कार्यक्रम के तहत चार प्रमुख क्षेत्रों—भारत के लिए एआई आधारित जीवन, पर्यावरणीय स्थिरता, स्वास्थ्य एवं शिक्षा तथा खेल एवं तकनीक—पर समाधान विकसित किए गए।
प्रतिभागियों ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, कंप्यूटर विजन, सेंसर, वॉयस टेक्नोलॉजी और कम लागत वाली पहनने योग्य तकनीक का इस्तेमाल किया।
प्रोजेक्ट्स में कम साक्षरता वाले लोगों के लिए ऑफलाइन एआई टूल, भारतीय सांकेतिक भाषा का रियल-टाइम अनुवाद, दृष्टिबाधित विद्यार्थियों के लिए वॉयस लर्निंग और पैरा-स्पोर्ट्स से जुड़ी सहायक तकनीक शामिल रही।

पर्यावरण क्षेत्र में कृषि अवशेष, कपड़ा कचरा, प्रदूषण और मानव-वन्यजीव संघर्ष जैसे मुद्दों पर भी समाधान तैयार किए गए। अर्ध-अंतिम चरण में 40 टीमों ने एफआईटीटी-आईआईटी दिल्ली के सहयोग से प्रशिक्षण लिया।
विशेषज्ञों और मेंटर्स के मार्गदर्शन के बाद राष्ट्रीय प्रस्तुति में 20 विशेषज्ञों ने टीमों का मूल्यांकन किया और चार श्रेणियों से पांच-पांच अंतिम प्रतिभागियों का चयन किया।








