Anganwadi केंद्र पर लोहे का गेट गिरा 70 वर्षीय वृद्ध महिला की मौत

मसौली बाराबंकी । Anganwadi सेवा योजना के तहत संचालित एक आंगनबाड़ी केंद्र पर बुधवार सुबह दर्दनाक हादसा हो गया।

सफदरगंज थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत रहरामऊ के मजरे चक में 70 वर्षीय शबाना पत्नी अकबर अली अपनी 6 वर्षीय पोती जुबिया नाज (पुत्री दिलदार) को आंगनबाड़ी केंद्र छोड़ने गई थीं।

इसी दौरान केंद्र के लोहे का गेट अचानक गिर पड़ा जिसके नीचे दबकर शबाना की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद गांव में कोहराम मच गया।

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है वहीं ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है। सूचना पर ग्राम प्रधान प्रतिनिधि व पुलिस मौके पर पहुंची।

परिजनों के कहने पर पंचायतनामा कर शव का अंतिम संस्कार कर दिया।

भवन के अभाव में घर पर चल रहा था केन्द्र :-

ग्राम चक में लगभग दो दशक पूर्व आंगनबाड़ी भवन का निर्माण कराया गया था लेकिन निर्माण में अनियमितताओं के चलते भवन शुरू से ही जर्जर हो गया और एक भी दिन केंद्र का संचालन वहां नहीं हो सका।

गांव में प्राथमिक विद्यालय तो है पर पर्याप्त कक्ष न होने के कारण आंगनबाड़ी कार्यकत्री रेखा वर्मा अपने घर पर ही केंद्र संचालित कर रही थीं।

ग्राम प्रधान प्रतिनिधि अनिल कुमार वर्मा ने बताया कि ग्राम पंचायत में कुल 5 आंगनबाड़ी केंद्र हैं जबकि भवन मात्र एक है।

नए भवन निर्माण का प्रस्ताव भेजा गया है लेकिन अब तक स्वीकृति नहीं मिली है।

ग्रामीणों में आक्रोश जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग :-

ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते सुरक्षित आंगनबाड़ी भवन का निर्माण कराया गया होता तो यह हादसा टाला जा सकता था।

इस घटना ने स्थानीय प्रशासन व संबंधित विभागों की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

ग्रामीणों ने जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई और गांव में सुरक्षित आंगनबाड़ी भवन के शीघ्र निर्माण की मांग की है।


अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या ठोस कदम उठाता है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।

plugins
Author: plugins

Leave a Comment