रामसनेहीघाट बाराबंकी : Fertilizer crisis पर एसडीएम की छापेमारी, समितियों में मचा हड़कंप . खरीफ फसलों के सीजन में किसानों को उर्वरक की परेशानी न हो, इसके लिए प्रशासन ने निगरानी तेज कर दी है।
बुधवार को एसडीएम बृजेन्द्र उपाध्याय ने दरियाबाद, बनीकोडर और पूरेडलई ब्लॉक की कई साधन सहकारी समितियों का अचानक निरीक्षण किया। बिना सूचना पहुंचे अधिकारी को देखकर समिति कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने खाद के स्टॉक, गोदामों की स्थिति, वितरण प्रक्रिया और संबंधित दस्तावेजों की जांच की। उन्होंने मौके पर मौजूद किसानों से बातचीत कर खाद उपलब्धता से जुड़ी समस्याओं की जानकारी भी ली।
जांच में मियागंज, बनीकोडर और उदईमऊ समितियों में पीओएस मशीनों में तकनीकी खराबी पाई गई, जिससे खाद वितरण प्रभावित हो रहा था। एसडीएम ने अधिकारियों और समिति सचिवों को तत्काल तकनीकी समस्या दूर कर वितरण व्यवस्था सुचारु करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि जिले में खाद का पर्याप्त भंडार मौजूद है और किसानों को घबराने की जरूरत नहीं है। सभी पात्र किसानों को नियमों के अनुसार उर्वरक उपलब्ध कराया जाएगा।
एसडीएम ने चेतावनी दी कि खाद वितरण में लापरवाही, कालाबाजारी या किसानों के साथ भेदभाव किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। शिकायत सही पाए जाने पर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि किसानों को समय पर खाद उपलब्ध कराना उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।









