नई दिल्ली/लखनऊ । Ganesh Chaturthi के पावन अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने देश और प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं।
दोनों नेताओं ने भगवान गणेश से लोगों के जीवन में सुख, समृद्धि, उत्साह और सकारात्मक ऊर्जा का संचार होने की प्रार्थना की।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर देशवासियों को गणेश चतुर्थी की बधाई देते हुए कहा कि भगवान गणेश विघ्नों को दूर करने वाले देवता हैं।
उन्होंने कामना की कि गणपति की कृपा से लोगों के सभी प्रयास सफल हों और देश निरंतर प्रगति के मार्ग पर आगे बढ़ता रहे।
पीएम मोदी ने अपने संदेश के साथ भगवान विनायक की स्तुति में संस्कृत श्लोक भी साझा किया। वहीं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी उत्तर प्रदेश के लोगों और गणेश भक्तों को पर्व की शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने कहा कि गणपति बप्पा की कृपा से जीवन की बाधाएं दूर हों, सभी संकल्प पूरे हों और हर परिवार में खुशहाली एवं समृद्धि आए। गणेश चतुर्थी को भगवान गणेश के जन्मोत्सव के रूप में मनाया जाता है।

देशभर में घरों और सार्वजनिक पंडालों में गणेश प्रतिमाओं की स्थापना कर पूजा-अर्चना की जाती है। इस वर्ष पर्व 14 सितंबर से शुरू होकर 25 सितंबर को अनंत चतुर्दशी के साथ संपन्न होगा।








