बाराबंकी : BJP District Office में परिचयात्मक एवं संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में भाजपा के प्रदेश महामंत्री एवं क्षेत्रीय प्रभारी दिलीप पटेल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
जनपद में प्रथम आगमन पर जिलाध्यक्ष राम सिंह वर्मा ‘भुल्लन’ के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए दिलीप पटेल ने स्वागत के लिए आभार जताया।
उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती के लिए सभी कार्यकर्ताओं को आपसी समन्वय और टीम भावना के साथ काम करना चाहिए।
उन्होंने भाजपा कार्यकर्ता की भूमिका को सेवा, समर्पण और संगठन के प्रति प्रतिबद्धता से जोड़ते हुए जिम्मेदारियों को पूरी निष्ठा से निभाने का आह्वान किया।
पटेल ने कहा कि पार्टी की नीतियों और केंद्र तथा प्रदेश सरकार की योजनाओं को समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंचाने में कार्यकर्ताओं की भूमिका महत्वपूर्ण है।

उन्होंने सेवा संकल्प अभियान के कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी की अपील की। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों से जुड़े सेवा कार्यों को भी जनता तक पहुंचाने की बात कही गई।
बैठक में राज्यमंत्री सतीश शर्मा, प्रदेश मंत्री अवधेश श्रीवास्तव, जिला प्रभारी नीरज वर्मा, बैजनाथ रावत, विधायक दिनेश रावत, जिला पंचायत अध्यक्ष राजरानी रावत, एमएलसी अंगद सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।









