उत्तर प्रदेश : Chief Minister Yogi Adityanath ने गोरखपुर प्रवास के दौरान गुरुवार सुबह गोरखनाथ मंदिर परिसर में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि प्रदेश सरकार प्रत्येक नागरिक की समस्या के समाधान के लिए पूरी संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है तथा किसी भी जरूरतमंद को निराश नहीं लौटाया जाएगा।
जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री ने लगभग 200 फरियादियों के प्रार्थना पत्र स्वयं लेकर संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनदेखी स्वीकार नहीं की जाएगी।
राजस्व, पुलिस और पारिवारिक विवादों से जुड़े मामलों में निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने पर भी उन्होंने विशेष जोर दिया।
गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक सहायता मांगने पहुंचे लोगों को मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि धन की कमी किसी मरीज के उपचार में बाधा नहीं बनेगी।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जरूरतमंद मरीजों के इलाज का विस्तृत इस्टीमेट शीघ्र तैयार कर शासन को भेजा जाए, ताकि समय पर आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
साथ ही पात्र लोगों के आयुष्मान कार्ड बनवाने की प्रक्रिया तेज करने के भी निर्देश दिए, जिससे जरूरतमंद परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ आसानी से मिल सके।










