अंतरराष्ट्रीय भारतीय फिल्म अकादमी पुरस्कार यानी आईफा 2027 को लेकर फिल्म प्रेमियों के बीच उत्सुकता बढ़ रही है। इस बार अभिनेत्री अनन्या पांडे अभिनय के साथ मंच संचालन की नई जिम्मेदारी निभाती नजर आएंगी।
वह करण जौहर, वरुण धवन और मनीष पॉल के साथ समारोह की मेजबानी करेंगी। आईफा का 27वां संस्करण 22 और 23 जनवरी 2027 को संयुक्त अरब अमीरात के अबू धाबी स्थित यास द्वीप के एतिहाद एरिना में आयोजित होने वाला है।
कार्यक्रम में भारतीय सिनेमा से जुड़ी हस्तियों, संगीत और मनोरंजक प्रस्तुतियों के आकर्षण रहने की उम्मीद है। अनन्या पांडे के लिए यह अवसर खास मायने रखता है।
यास द्वीप में ही उन्होंने पहली बार आईफा के मंच पर प्रस्तुति दी थी। अब उसी मंच पर मेजबान के रूप में लौटना उनके करियर का एक नया अनुभव होगा।
अभिनेत्री ने आईफा को अपने सफर का महत्वपूर्ण हिस्सा बताते हुए कहा कि इस मंच से जुड़े अनुभवों ने उन्हें खुद को नए रूप में प्रस्तुत करने का अवसर दिया है।

पहली प्रस्तुति से लेकर अब मंच संचालन तक का सफर उनके लिए यादगार है। आयोजकों के मुताबिक, समारोह के टिकटों की बिक्री शुरू हो चुकी है। दर्शक एतिहाद एरिना और प्लेटिनमलिस्ट के माध्यम से टिकट संबंधी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।









