कानपुर : Kanpur के ईश्वरीगंज, बैकुंठपुर स्थित महाराणा प्रताप आयुर्वैदिक मेडिकल कॉलेज में “आनंदी मां – एक जीवन बचाओ अभियान” के तहत **‘कैंसर मुक्त भारत यात्रा’** कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

यह अभियान महायोगी आयुष विश्वविद्यालय एवं राजभवन के मार्गदर्शन में सीमा कैंसर फाउंडेशन और जे.के. कैंसर इंस्टीट्यूट के सहयोग से संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ धन्वंतरि वंदना, अतिथियों के स्वागत और कैंसर जागरूकता गीतों के साथ किया गया। कॉलेज के चेयरमैन गौरव भदौरिया ने कहा कि महिलाओं में कैंसर की समय रहते पहचान और उपचार से हजारों जीवन बचाए जा सकते हैं।
उन्होंने चिकित्सकों से इलाज के साथ-साथ जनजागरूकता बढ़ाने और सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया।
वरिष्ठ समाजसेवी एवं डायरेक्टर प्रो. आलोक मिश्रा ने आयुर्वेद की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए बताया कि यह कीमोथेरेपी और रेडियोथेरेपी के दुष्प्रभावों को कम करने तथा रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने में सहायक हो सकता है।
उन्होंने विद्यार्थियों से गांव-गांव जाकर जागरूकता अभियान चलाने का आग्रह किया। मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ. मनीष कुमार सिंह ने इमरजेंसी ब्लॉक में निःशुल्क कैंसर स्क्रीनिंग और काउंसलिंग सेवा शुरू करने की घोषणा की।
कार्यक्रम में सर्वाइकल और स्तन कैंसर की पहचान, उपचार, रेफरल प्रक्रिया तथा सरकारी सहायता योजनाओं की भी जानकारी दी गई।
अंत में पांच कैंसर विजेताओं को तुलसी-गिलोय के पौधे और आयुर्वेदिक इम्यूनिटी बूस्टर किट भेंट कर सम्मानित किया गया।









