बाराबंकी : Shravan मेले सुरक्षा तैयारियों का एसपी ने किया व्यापक निरीक्षण . के प्रसिद्ध लोधेश्वर महादेव धाम में आगामी श्रावण मेले को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुचारु व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने मंदिर परिसर का विस्तृत निरीक्षण किया और विभिन्न सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान मंदिर के प्रवेश और निकास मार्ग, बैरिकेडिंग, भीड़ नियंत्रण व्यवस्था तथा संवेदनशील स्थानों का जायजा लिया गया।
अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि प्रत्येक बैरिकेड पर आपातकालीन निकास की व्यवस्था रहे, ताकि किसी भी अप्रत्याशित स्थिति में श्रद्धालुओं को सुरक्षित बाहर निकाला जा सके।
साथ ही आवश्यक आपदा प्रबंधन उपकरण भी हर महत्वपूर्ण स्थान पर उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए। शिव पुराण सरोवर की सुरक्षा को विशेष प्राथमिकता देते हुए सरोवर में चार मोटरबोट तैनात करने और स्थायी सुरक्षा जाल लगाने का फैसला किया गया है।
इसके अलावा मेले में लगने वाली दुकानों के बीच पर्याप्त चौड़ा मार्ग रखने के निर्देश दिए गए, जिससे श्रद्धालुओं की आवाजाही और आपातकालीन सेवाओं का संचालन प्रभावित न हो।

पुलिस अधीक्षक ने अस्थायी विद्युत व्यवस्था, साफ-सफाई, पुलिस बल की तैनाती और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की। प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि श्रावण मेले के शुभारंभ से पहले सभी तैयारियां समय पर पूरी कर ली जाएंगी, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और व्यवस्थित वातावरण में दर्शन का अवसर मिल सके।









