लखनऊ । Chief Minister Yogi Adityanath” उत्तर प्रदेश सरकार ने राज्य की एक्सप्रेसवे परियोजनाओं और उनसे जुड़े विकास कार्यों को लेकर बड़ा प्रशासनिक बदलाव किया है।
सरकार ने उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीडा) से संबंधित सभी कार्यों को औद्योगिक विकास विभाग से हटाकर अवस्थापना विकास अनुभाग को सौंप दिया है।
चूंकि अवस्थापना विभाग मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पास है, इसलिए अब एक्सप्रेसवे और उससे जुड़ी परियोजनाओं की निगरानी सीधे मुख्यमंत्री स्तर पर होगी।
सचिवालय प्रशासन की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि यूपीडा और अवस्थापना विभाग के कार्यों में समन्वय की आवश्यकता को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
इससे परियोजनाओं की फाइलों के निस्तारण में तेजी आएगी और विभागीय स्तर पर होने वाले विरोधाभास भी समाप्त होंगे।
वहीं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश को स्टार्टअप के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने के लिए स्टार्टअप नीति-2026 तैयार करने के निर्देश भी दिए हैं।

नई नीति में युवाओं और नवाचार से जुड़े उद्यमों को भरण-पोषण भत्ता, सीड फंडिंग, प्रोटोटाइप अनुदान तथा पेटेंट सहायता जैसे प्रोत्साहनों को और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया जाएगा।









