पिहानी हरदोई : Pihani में चुनाव तैयारियां तेज, भाजपा ने बूथ मजबूती पर दिया जोर . आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक गतिविधियां तेज कर दी हैं।
पिहानी के बाबा मैरिज हॉल में भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित हुई, जिसमें बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने और चुनावी रणनीति को धार देने पर चर्चा की गई।
बैठक में पार्टी ने पुराने कार्यकर्ताओं को फिर से सक्रिय करने और नए लोगों को संगठन से जोड़ने की योजना पर जोर दिया। पदाधिकारियों ने कहा कि मजबूत बूथ व्यवस्था ही चुनावी सफलता का आधार बनेगी, इसलिए प्रत्येक बूथ पर कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका सुनिश्चित की जाएगी।
स्थानीय विधायक श्याम प्रकाश ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाना सभी कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से विपक्ष के आरोपों का जवाब तथ्यों के साथ देने का आह्वान किया। अवध क्षेत्र के क्षेत्रीय मंत्री राज किशोर मौर्य ने बूथ सशक्तीकरण, डिजिटल प्रशिक्षण और जनसंपर्क अभियानों की समीक्षा की।

उन्होंने कार्यकर्ताओं को चुनावी तैयारियों में पूरी सक्रियता के साथ जुटने का संदेश दिया। बैठक में मंडल अध्यक्षों समेत कई वरिष्ठ पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यक्रम में आगामी अभियानों, सामाजिक कार्यक्रमों और संगठन विस्तार की रूपरेखा पर भी विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।









