नई दिल्ली : Prime Minister Narendra Modi ने सोमवार को केंद्र सरकार के 12 वर्षों के दौरान गरीब कल्याण और सामाजिक उत्थान के क्षेत्र में हुए बदलावों को देश के सामने रखा।
उन्होंने कहा कि सरकार की विभिन्न योजनाओं का उद्देश्य समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना रहा है।
सोशल मीडिया मंच एक्स पर साझा किए गए संदेश में प्रधानमंत्री ने जनधन योजना, प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी), स्वच्छ भारत मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, जल जीवन मिशन और आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं का उल्लेख किया।
उन्होंने कहा कि इन पहलों ने करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाया है और उन्हें सम्मानजनक जीवन जीने का अवसर प्रदान किया है।
प्रधानमंत्री ने तकनीक आधारित शासन व्यवस्था को भी गरीबों के सशक्तिकरण का महत्वपूर्ण माध्यम बताया।
उनके अनुसार डीबीटी और डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए सरकारी सहायता सीधे लाभार्थियों तक पारदर्शी तरीके से पहुंच रही है, जिससे भ्रष्टाचार और बिचौलियों की भूमिका में कमी आई है।

सरकार के अनुसार बीते एक दशक में ग्रामीण क्षेत्रों में गरीबी दर में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है। प्रधानमंत्री ने कहा कि गरीब कल्याण की यह यात्रा अब जनभागीदारी के साथ विकसित भारत के निर्माण की दिशा में एक व्यापक जनआंदोलन का रूप ले चुकी है।









